बलरामपुर। तुलसीपुर विकासखंड में ग्राम कोहरौड़ा गांव के पास राप्ती नहर की छोटी ब्रांच नहर कटने से सैकड़ों हेक्टेअर गन्ने की फसल जलमग्न हो गई है। यदि खेत में पानी जमा रह गया तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी। शिकायत के बावजूद क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। क्षेत्रवासियों ने डीएम को पत्र भेजकर क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत कराने की मांग की है।
विदित हो कि पिछले 15 दिन से नहर क्षतिग्रस्त होने से पानी खेतों में जा रहा है। इससे सैकड़ों हेक्टेअर गन्ने की फसल जलमग्न हो गई है। नहर कटने से सबसे ज्यादा कोहरौड़ा, उदईपुर, बदलपुर व गुलरिहा गांव के किसान प्रभावित हुए हैं। इन गांवों के पास खेतों में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है।
किसानों का कहना है कि क्षतिग्रस्त नजर की मरम्मत कराने की मांग कई बार नहर विभाग के अधिकारियों से की गई लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई। किसान बंटू सिंह, सूरे, रफातुल्ला, सुखदेव, शिवराम आदि ने नहर की मरम्मत कराने की मांग डीएम से की है। इस संबंध में एसडीएम तुलसीपुर मंगलेश दूबे ने बताया कि संबंधित विभाग को सूचना देकर जल्द ही नहर की मरम्मत कराई जाएगी।