बलरामपुर के रेंडवलिया में रोते-बिलखते मृतक के परिजन।-संवाद
पेहर बाजार। याकूबगंज के पास जौदहवा तालाब के किनारे एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। शनिवार सुबह लोगों की नजर शव पर पड़ी तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान मानिकराम (52) निवासी ग्रामसभा रेंडवलिया के मजरा घोड़चढ़ी के रूप में हुई है। रेहरा बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि घटना गोंडा जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र की है, वहां सूचना दी गई है।
रेडवलिया क्षेत्र के पप्पू ने बताया कि मानिकराम अपने घर पर किराना और चाय की दुकान चलाते थे। इसके साथ ही वह गल्ले की खरीद-फरोख्त का काम भी करते थे, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता था। परिजनों के अनुसार मानिकराम शुक्रवार सुबह करीब चार बजे घर से निकले थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की। दिन भर परिजन और ग्रामीण उन्हें खोजते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
शनिवार सुबह ग्रामीणों को सूचना मिली कि याकूबगंज के पास स्थित जौदहवा तालाब के किनारे एक पेड़ से किसी व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मानिकराम के रूप की। बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा विश्वनाथ (28) पिता के साथ किराना दुकान और गल्ले के कारोबार में हाथ बंटाता था, जबकि छोटा बेटा रामनाथ (22) दिल्ली के एक निजी अस्पताल में ओटी तकनीशियन के पद पर कार्यरत है। दोनों बेटियों की शादी पहले ही हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि मानिकराम की पत्नी का लगभग दो वर्ष पहले हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद से वह काफी परेशानरहने लगे थे।
घटना की सूचना मिली है, परिजनों से जानकारी की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
राजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक धानेपुर गोंडा