बलरामपुर। एसपीएम हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया है। पुलिस मुख्य चिकित्साधिकारी के रिपोर्ट का इंतजार कर हैं। उधर, सीएमओ कॉमन रिव्यू मिशन के निरीक्षण में व्यस्त हैं। इससे जांच रिपोर्ट तैयार ही नहीं हो सकी है।
नगर के भगवतीगंज चौराहा स्थित एसपीएम हॉस्पिटल में बीते शनिवार को शंकरपुर गांव की प्रसूता शीला की मौत हो गई थी। मृतका के पति पवन ने सिजेरियन करने वाली स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मेधावी सिंह पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली में तहरीर दी थी। सीएमओ डॉ. मुकेश रस्तोगी ने तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए बनाई थी। टीम ने अस्पताल को अवैध रूप से संचालित मिलने पर सील कर दिया था। इसके साथ ही पीड़ित का बयान भी दर्ज किया, मृतका के पति से चिकित्सीय अभिलेख भी हासिल किए हैं।
फिलहाल जांच में स्पष्ट हो गया है कि मेडिकल कॉलेज में कार्यरत संविदा पर तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ ने ही ऑपरेशन किया था। जांच टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि अभी वह जांच रिपोर्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकते हैं। सीएमओ से वार्ता करके ही रिपोर्ट तैयार की जाएगी। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर दोषी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं, आरोपी चिकित्सक पर कार्रवाई भी जांच रिपोर्ट के आधार पर होनी है।