बलरामपुर। भारत सरकार के प्रतिनिधि मनोज दीक्षित ने मंगलवार को विकास भवन स्थित सीडीओ कार्यालय में अफसरों के साथ बैठक की। सीडीओ अमनदीप डुली की मौजूदगी में भारत सरकार के प्रतिनिधि की गांव भ्रमण की रणनीति तैयार की गई। जिले के तीन ब्लॉकों के 20 गांवों का निरीक्षण करके भारत सरकार के प्रतिनिधि विकास कार्यों का सच परखेंगे।
बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि हरैया सतघरवा ब्लॉक में सात, तुलसीपुर ब्लॉक में सात और उतरौला ब्लॉक में छह गांवों का भारत सरकार के प्रतिनिधि भ्रमण करेंगे। भारत सरकार के प्रतिनिधि 17 फरवरी तक तीनों ब्लॉकों के गांवों में निरीक्षण करेंगे और 18 फरवरी जिला स्तर पर अफसरों के साथ बैठक करेंगे।
भारत सरकार के प्रतिनिधि की तरफ से मनरेगा कार्यों की जांच के साथ एनआरएलएम, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम वृद्घा, विधवा व दिव्यांग पेंशन, सांसद आदर्श ग्राम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, डिजिटल इंडिया लैंड रिकार्ड मार्डनाइजेंशन कार्यक्रम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना और ग्राम पंचायतों का बेसिक सत्यापन भी करेंगे।
सीडीओ ने तीनों ब्लॉकों के अफसरों व कर्मियों को निर्देश दिया है कि भारत सरकार के प्रतिनिधि के साथ मौजूद रहकर समस्याओं का समय से निराकरण कराएंगे। बैठक में डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, पीडी अनिल कुमार सिंह व डीसी मनरेगा महेंद्र देव पांडेय आदि मौजूद रहे।