बलरामपुर। प्रोबेशन विभाग में भ्रष्टाचार व उत्पीड़न के खिलाफ जांच होगी। एडीएम वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम जांच करेगी। जांच टीम से डीएम कृष्णा करुणेश ने 10 दिन में रिपोर्ट तलब की है। तीन सदस्यीय टीम की जांच रिपोर्ट के आधार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
डीएम ने मंगलवार को बताया कि प्रोबेशन विभाग के खिलाफ तीन बिंदुओं पर भ्रष्टाचार व उत्पीड़न के खिलाफ गंभीर शिकायतें की गई हैं। महिला शक्ति केंद्र की महिला कल्याण अधिकारी रागिनी मिश्रा ने जिला प्रोबेशन अधिकारी और प्रोबेशन कार्यालय में कार्यरत प्रदीप द्विवेदी के खिलाफ उत्पीड़न से संबंधित शिकायत की है।
आभा तिवारी, राधिका तिवारी व अल्का तिवारी ने स्टाप सेंटर में की गई नियुक्तियों से संबंधित शिकायत की है कि बिना शिकायतकर्ताओं को सूचना दिए इंटरव्यू कराया गया। तराई इन्वायरमेंट अवेरनेस समिति के सचिव अजय कुमार मिश्र ने प्रोबेशन विभाग में वन स्टाप सेंटर के सेवा प्रदाता एजेंसी के चयन में अनियमितता की गई है। सभी शिकायतों में प्रोबेशन विभाग में भ्रष्टाचार व उत्पीड़न किए जाने का मामला प्रतीत हो रहा है।
प्रकरणों के सत्यता की जांच कराने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल को समिति का अध्यक्ष और अपर डीडीओ मीनाक्षी वर्मा व परियोजना अधिकारी डूडा विजया तिवारी को सदस्य के रुप में नामित किया गया है। जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर 10 दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।