बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के शैक्षिक अधिगम का आकलन करने के लिए द्वितीय सत्र परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा 24 से शुरू होकर 31 जनवरी को समाप्त होगी। परीक्षा को लेकर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ल ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में कक्षावार मासिक पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई कराई जा रही है। सभी स्कूलों में 24 से 31 जनवरी तक द्वितीय सत्र परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। परीक्षा के लिए दिसंबर माह तक पूर्ण किए गए पाठ्यक्रम पर आधारित प्रश्न पत्र प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा तैयार किया जाएगा।
परीक्षा विद्यालय स्तर पर ही संपन्न होगी, जबकि मूल्यांकन कक्षा अध्यापक या विषय अध्यापक द्वारा किया जाएगा। परीक्षा एवं मूल्यांकन से संबंधित सभी अभिलेख विद्यालय में सुरक्षित रखे जाएंगे। परीक्षा पर होने वाले व्यय का वहन स्कूल की कंपोजिट ग्रांट से किया जाएगा। परीक्षा समाप्ति के बाद निर्धारित तिथि पर अभिभावकों को विद्यालय आमंत्रित कर बच्चों की प्रगति और परीक्षा परिणाम से अवगत कराया जाएगा।
बीएसए ने बताया कि परीक्षा में अपेक्षित अधिगम स्तर न प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं पर अतिरिक्त ध्यान देते हुए वार्षिक परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।