बलरामपुर। निर्वाचन व सहायक निर्वाचन अधिकारियों के कंधों पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पूरा कराने का जिम्मा है। अपनी इस जिम्मेदारी को सभी आरओ व एआरओ पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएं। यह बातें जिला निर्वाचन अधिकारी / डीएम श्रुति ने कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को पांच ब्लॉकों के आरओ व एआरओ के दूसरे चरण की प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कहीं।
डीएम ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कमरों में केवल दो व्यक्तियों को प्रत्याशी के साथ अंदर आने की अनुमति दी जाए। त्रुटियों को यथासंभव दूर कराकर नामांकन पत्र लिए जाएं और उसी समय नामांकन प्रपत्र दुरुस्त करा लिया जाए। नामांकन पत्र दाखिला के समय कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराना अनिवार्य है। प्रशिक्षण कार्यशाला में शामिल सदर, उतरौला, रेहरा बाजार, गैड़ास बुजुर्ग व श्रीदत्तगंज ब्लॉकों के आरओ व एआरओ को मास्टर ट्रेनर जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार, अपर अर्थ एवं संख्या अधिकारी रंजीत कुमार व अपर डीपीआरओ नरेश चंद्र ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने के बारे में प्रशिक्षण दिया।
सभी आरओ ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य सीटों पर नामांकन कराने के साथ नाम वापसी से लेकर प्रतीक आवंटन व मतदान के बाद वोटों की काउंटिंग कराएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र भी देंगे। सभी एआरओ की नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ-साथ अपने आरओ का नामांकन, नाम वापसी, प्रतीक आवंटन, मतगणना व प्रमाण पत्र वितरण कराने में हर तरह का सहयोग करेंगे। सभी आरओ व एआरओ को अपने दायित्वों को ईमानदारी व निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी / एडीएम अरुण कुमार शुक्ल ने बताया कि चार ब्लॉकों के आरओ व एआरओ का दूसरे चरण का प्रशिक्षण 11 अप्रैल को होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में हरैया सतघरवा, तुलसीपुर, गैसड़ी व पचपेड़वा ब्लॉक के आरओ व एआरओ शामिल होंगे।