बलरामपुर के तुलसीपुर क्रय केंद्र का निरीक्षण करते डिप्टी आरएमओ ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। आज से 32 क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू होगी। क्रय केंद्रों पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी निश्चल आनंद ने निरीक्षण किया। किसानों के बैठने व पेयजल का उचित प्रबंधन करने का निर्देश दिया।
जिले में एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। इसके लिए तीनों तहसीलों में 32 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। क्रय केंद्रों पर नमी मापक यंत्र, बोरा, कांटा व किसानों के लिए पेयजल व बैठने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने तुलसीपुर क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों को बेहतर सुविधा दी जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान क्रय केंद्र पर धान बेचने आएं। इसके बाद उन्होंने तुलसीपुर के अन्य क्रय केंद्रों पर भी सुविधाओं का जायजा लिया।
915 किसानों ने कराया पंजीकरण
न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए अब तक 915 किसानों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इसमें बलरामपुर तहसील में 265, तुलसीपुर में 619 व उतरौला तहसील में 31 किसान शामिल हैं। 915 में से अब तक सिर्फ 167 किसानों के अभिलेखों का सत्यापन हो पाया है, 749 किसानों का सत्यापन लंबित है। ऐसे में ये किसान पहले दिन क्रय केंद्रों पर धान नहीं बेच पाएंगे।