बलरामपुर के सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर लौटने पर खुशी जताते परीक्षा
बलरामपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल व दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी विषय की परीक्षा हुई। दोनों पालियों में प्रश्नपत्र आसान होने से विद्यार्थियों में उत्साह दिखा। पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय में 20,543 विद्यार्थियों में 19,392 ने परीक्षा दी, 1151 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में इंटर के 14,959 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जिसमें 14,374 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 585 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
जिले के 67 परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को सघन तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। डीएम पवन अग्रवाल, एसपी विकास कुमार एवं डीआईओएस मृदुला आनंद ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर शुचितापूर्ण परीक्षा कराए जाने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्र की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, इसके लिए एमपीपी इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है। सोमवार को सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक पहली पाली की परीक्षा हुई। इसमें हाईस्कूल की हिंदी, प्रारंभिक हिंदी व इंटर की सैन्य विज्ञान की परीक्षा कराई गई। दूसरी पाली में दोपहर 2 से 5:15 तक हाईस्कूल की हेल्थ केयर व इंटर की हिंदी, सामान्य हिंदी की परीक्षा हुई।
सुबह ही केंद्रों पर पहुंच गए विद्यार्थी
परीक्षा के पहले दिन सुबह करीब सात बजे ही विद्यार्थी केंद्रों पर पहुंच गए। केंद्रों पर बाहर रोल नंबर व कक्ष नंबर की सूची चस्पा थी, उसे देखने के बाद विद्यार्थी अपने कक्ष में पहुंचे। इसे पहले छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्रों की जांच के बाद उनकी तलाशी ली गई।
हिंदी के आसान पेपर से खिले चेहरे
सिटी मांटेसरी परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल का पेपर देकर लौटे सूरज ने कहा कि बोर्ड परीक्षा को लेकर काफी डर था, लेकिन जब प्रश्नपत्र सामने आया, तो मन शांत हुआ। जो पढ़ा था, ज्यादातर वही प्रश्न आए। सत्यम दूबे ने कहा कि प्रश्नपत्र कैसा होगा, निश्चित समय में इसे कैसे हल कर पाएंगे, ऐसे तमाम सवाल जेहन में थे, परीक्षा को लेकर काफी तनाव था। जब प्रश्नपत्र पढ़ा तो मन में शांति आई। पेपर बहुत अच्छा हुआ। कोमल यादव ने कहा कि परीक्षा को लेकर काफी समय से तैयारी कर रही हूं। ज्यादातर वहीं प्रश्न आए, जिन्हें लगातार पढ़ रहे थे। कशिश ने कहा कि हिंदी का प्रश्नपत्र काफी सरल आया। इसकी वजह से प्रश्नपत्र समय से पहले ही हल कर लिया। अच्छे नंबर आने की उम्मीद है।