बलरामपुर। ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं को प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को डीपीआरसी सभागार में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जनपद स्तरीय क्रियान्वयन एवं समन्वयन अधिकारियों के साथ सभी सहायक पंचायत अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिवों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ देवीपाटन मंडल के उपनिदेशक पंचायती राज योगेंद्र कटियार ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना ग्रामीण विकास की आधारशिला है। योजनाएं स्थानीय जरूरतों और जनभागीदारी के आधार पर तैयार की जाएं, ताकि सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग हो और गांवों का समग्र विकास किया जा सके। कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी अशोक कुमार, जिला परियोजना अधिकारी संदीप कश्यप, वरिष्ठ फैकल्टी हरकीरत सिंह मौजूद रहे। एलएसडीजी फैकल्टी विनीत सागर ने प्रतिभागियों को ग्राम स्वराज पोर्टल पर जीपीडीपी प्लान अपलोड करने की प्रक्रिया और उससे जुड़ी तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी। वहीं मास्टर ट्रेनर बृजभूषण यादव और योगेश तिवारी ने ग्राम पंचायत विकास योजना के विभिन्न चरणों, योजना निर्माण, अनुमोदन और क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।