बलरामपुर में यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा देती छात्राएं ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा शनिवार को शुरू हो गई। पहले दिन 17 केंद्रों पर इंटर जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान व भौतिक विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई गई। विभिन्न विषयाें की प्रयोगात्मक परीक्षा में 1381 विद्यार्थी शामिल हुए, वहीं सात विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
शनिवार की सुबह 10 बजे से जिले के 17 विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षा शुरू हुई। नगर के माॅडर्न इंटर कॉलेज में 80 छात्रों ने जीव विज्ञान, बाल भारती इंटर कॉलेज में 35 छात्रों ने भौतिक विज्ञान एवं सुंदरदास रामलाल इंटर काॅलेज में 49 छात्रों ने रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा दी। उतरौला के हाजी इस्माइल इंटर काॅलेज में 182 छात्रों ने रसायन विज्ञान, एचआरए इंटर कॉलेज में 177 छात्रों ने जीव विज्ञान एवं सिटी मांटेसरी स्कूल में सात छात्रों ने जीव विज्ञान की परीक्षा दी।
राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा में 51 छात्र रसायन विज्ञान, रामतीर्थ चौधरी इंटर कॉलेज में 173 छात्र जीव विज्ञान, रेहरा बाजार के बीपीएस इंटर कॉलेज में 74 छात्र रसायन विज्ञान एवं स्कालर एकेडमी में 107 छात्र जीव विज्ञान की प्रयाेगात्मक परीक्षा में शामिल हुए। इसी तरह अन्य विद्यालयों में नोडल अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रयोगात्मक परीक्षा कराई गई। डीआईओएस मृदुला आनंद ने नगर के माडर्न इंटर कॉलेज एवं सुंदर दास रामलाल इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर परीक्षा का जायजा लिया।