बलरामपुर। कोतवाली से चंद कदम की दूूरी पर स्थित सराफा की दुकान से बाइक सवार लुटेरे 67 ग्राम सोने का जेवर लेकर दिन दहाड़े फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
उतरौला नगर के ज्वाला देवी मंदिर के निकट बालाजी सराफा के मलिक ननकन सोनी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे दो बाइक सवार युवक दुकान के बाहर रुके उनमे से एक अंदर आकर सोने का गहना दिखाने की बात कही। मैंने गहना निकालकर देखने को दे दिया।
युवक देखते ही देखते अचानक सारे गहने समेटकर बाहर भाग निकला। दूसरा युवक बाइक स्टार्ट किए था। जब तक ननकन शोर मचाते हुए दुकान के बाहर निकले तब तक वह दोनों आंखों से ओझल हो चुके थे। लुटेरे दुकान से बिंदिया, झाला, व अंगूठी आदि लेे गए है।
कुल गहनों का वजन करीब 67 ग्राम तथा कीमत 3.5 लाख बताई जा रही है। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। भागते समय लुटेरों की तस्वीर दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।