जरवा। ग्राम पिपरा दुर्गानगर में श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन रासलीला, गोपी गीत और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन हुआ। जिसे सुनकर श्रद्धालुओं को भावविभोर हो गए।
प्रवाचक पंडित राजनाथ शास्त्री ने कहा कि रासलीला भगवान की श्रेष्ठतम लीलाओं में से एक है। यह काम भावना को बढ़ाने की नहीं, बल्कि उस पर विजय प्राप्त करने की कथा है। कहा कि रासलीला जीव और शिव के मिलन का प्रतीक है। इस प्रसंग में कामदेव ने भगवान श्रीकृष्ण पर अपने पूरे सामर्थ्य के साथ आक्रमण किया, लेकिन वह स्वयं परास्त हो गया। रासलीला में सांसारिक भाव या शंका करना पाप के समान है। गोपी गीत प्रसंग में कहा कि जब जीव में अभिमान आ जाता है तो भगवान उससे दूर हो जाते हैं, लेकिन जब वही जीव भगवान के विरह में तड़पता है तो श्रीकृष्ण उस पर कृपा कर दर्शन देते हैं। कहा कि रुक्मिणी स्वयं साक्षात लक्ष्मी स्वरूपा हैं और लक्ष्मी कभी नारायण से अलग नहीं रह सकतीं। कथा के उपरांत जय मां दुर्गे पूजन समिति के स्थानीय कलाकारों दीपू, गुरु वर्मा, संजय, शिवकुमार और चैतू ने देर रात तक भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान मुख्य यजमान बड़का, रामपाल वर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।