बलरामपुर। जिले में माताओं और बच्चों के पोषण को लेकर नई पहल की शुरुआत हुई है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में मातृ एवं बाल पोषण परियोजना की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। यह परियोजना पानी संस्था द्वारा टाटा ट्रस्ट के सहयोग से शुरू की गई है। जिसका उद्देश्य माताओं, बच्चों और किशोरियों के पोषण स्तर में सुधार लाना है। परियोजना का संचालन श्रीदत्तगंज और उतरौला विकासखंडों में किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने परियोजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि संतुलित आहार महंगे खाद्य पदार्थों से नहीं, बल्कि घर में उपलब्ध स्थानीय और पौष्टिक सामग्री से भी संभव है। कार्यशाला में बताया गया कि परियोजना के तहत आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य और पंचायती राज विभाग के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण जागरूकता, कुपोषण की पहचान करने के उपायों पर कार्य किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी इफितखार अहमद ने कहा कि बच्चों को अच्छा पोषण देने के साथ-साथ संस्कार देना भी जरूरी है। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक राघवेंद्र तिवारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, सीडीपीओ विजय प्रकाश चौधरी, पानी संस्था के कार्यक्रम प्रमुख जगदीश गिरी, सतीश श्रीवास्तव, प्रतीक मेहरोत्रा, शिव कुमार, नंदन मिश्रा, वैभव सिंह और अवधेश दुबे मौजूद रहे।