बलरामपुर। गैर संचारी रोग, कैंसर, डायटबिटीज व अन्य गंभीर मरीजों से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है। स्वास्थ्य विभाग अब 30 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों का निशुल्क सेहत की जांच कराएगा। साथ ही गंभीर बीमारी वाले मरीजों का विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
बदलते समय में अब कम उम्र में ही लोग कैंसर, डायटबिटीज, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक्स सहित अन्य गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जागरूकता के अभाव में मरीज नियमित अपने सेहत की जांच नहीं कराते हैं। ऐसे में आगे चलकर यह समस्या गंभीर हो जाती है। इस समस्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अब गैर-संक्रामक रोग व अन्य बीमारियों का पता लगाने के लिए 30 वर्ष और इससे अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों की विशेष जांच कराया जाएगा। सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में शिविर लगाकर जांच किया जाएगा। एसीएमओ व गैर संचारी रोग के नोडल डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द अभियान शुरू किया जाएगा। ताकि शत प्रतिशत लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा सके।