खोड़ारे (गोंडा)। थाना खोड़ारे क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को तीन युवक उसके घर से अगवा कर ले गए। युवकों ने दो दिनों तक उसे गन्ने के खेत में रखा। इसके बाद छोड़ दिया। किशोरी की मां ने आरोपी तीन युवकों के खिलाफ थाने में अपहरण व धमकी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता के नाबालिग होने के बावजूद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा नहीं लगाई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी 16 साल की बेटी 26 नवंबर की रात तकरीबन 10:30 घर के सामने टहल रही थी। तभी मोहन निवासी केशव नगर ग्रांट पूर्वी केवटहिया थाना खोड़ारे ने अपने दोस्त मुकेश निवासी केशव नगर ग्रांट पश्चिमी हरैया घाट थाना खोड़ारे व धन्नू निवासी केशव नगर ग्रांट पूर्वी अहिरन थाना खोड़ारे की मदद से बेटी को अगवा कर ले गया। बेटी देर रात तक घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
किशोरी की मां ने बताया कि दो दिन बाद 28 नवंबर को उसकी बेटी गांव से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में मिली। किशोरी की मां के मुताबिक, बेटी ने बताया कि आरोपियों ने उसे दो दिनों तक गन्ने के खेत में रखा। लोकलाज के डर से उसने मुकदमा नहीं दर्ज कराया था। मगर आरोपी उसकी बेटी को दोबारा अगवा कर ले जाने की धमकी दे रहे हैं। इसलिए रिपोर्ट दर्ज कराने थाने आई।
किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोप है कि पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा नहीं लगाई है। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर मोहन, मुकेश व धन्नू के खिलाफ अगवा, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया कि किशोरी अशिक्षित है, उसकी उम्र का कोई प्रमाण नहीं था। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट आने पर पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाई जाएगी।