फोटो-31-बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते डीएम व अन्य।-स्रोत: विभा
बलरामपुर। जिले में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, स्वच्छता और जनसहभागिता के संकल्प के साथ मनाया जाएगा। 15 अगस्त के आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम गरिमा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के अनुरूप आयोजित किए जाएं तथा सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 6:30 बजे विभिन्न इंटर कॉलेजों की ओर से प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। सुबह 7 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर से दौड़ प्रतियोगिता होगी। सुबह 8 बजे सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा अमर शहीदों के जीवन पर गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। सुबह 9 बजे विद्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और शहीदों के आदर्शों पर आधारित कार्यक्रम होंगे। सुबह 10 बजे विकास भवन से विभिन्न विभागों की विकासपरक झांकियां निकाली जाएंगी। नगर पालिका में पेंटिंग प्रतियोगिता, जिला चिकित्सालयों में मरीजों को फल वितरण, मलिन बस्तियों में स्वच्छता अभियान तथा एमएलके पीजी कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर जिलाधिकारी ज्योति राय, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।