बलरामपुर के जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद लोग ।5स्रोत : विभाग
बलरामपुर। जिला पंचायत सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गांवों के समग्र विकास का खाका तैयार किया गया। करीब 38 करोड़ रुपये खर्च कर गांवों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने की रणनीति तय की गई। साथ ही ग्राम पंचायत सदस्य भीखपुर अबू सूफियान और क्षेत्र पंचायत सदस्य खगईजोत महेंद्र कुमार के त्यागपत्र को सदन ने स्वीकृति प्रदान की। दोनों सदस्याें ने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है।
योजना के तहत जनपद की 793 ग्राम पंचायतों में सड़क, नाली और खड़ंजा निर्माण के साथ अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने की। उन्होंने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि उनके क्षेत्रों के विकास के लिए पर्याप्त बजट और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि गांवों के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और शासन स्तर से हर संभव सहयोग दिलाया जाएगा। अपर मुख्य अधिकारी नरेंद्र बहादुर ने पिछली बैठक की कार्यवृत्ति पढ़कर सुनाई, जिस पर सदन ने संतोष जताया। बैठक में बताया गया कि छठे राज्य वित्त आयोग और 16वें केंद्रीय वित्त आयोग से प्राप्त बजट के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जाएगी।