बलरामपुर के पचपेड़वा में कराया जा रहा पानी टंकी का निर्माण।-संवाद
बलरामपुर। पचपेड़वा नगर की लगभग 30 हजार आबादी को पेयजल की समस्या से जल्द छुटकारा मिल जाएगा। वार्ड में जलापूर्ति के लिए नगर में पाइप लाइन व पानी की टंकी (ओवरहेड टैंक) बनाई जा रही है। इस कार्य पर करीब 29.53 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में 12 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं।
पचपेड़वा नगर के 16 वार्डों की करीब 30 हजार आबादी को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए नगर पंचायत पेयजल पुनर्गठन योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। घर-घर जलापूर्ति के लिए भूमिगत पाइपलाइन बिछाने का काम भी शुरू हो गया है। इन कार्यों में कुल 29 करोड़ 53 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन की तरफ से कार्य को पूर्ण करने की तिथि 31 जनवरी 2025 निर्धारित की गई है। कार्य पूरा होते ही 30 हजार आबादी को शुद्ध पानी मुहैया हो जाएगी।
एडीएम प्रदीप कुमार का कहना है कि कार्यदायी संस्था को समय सीमा के अंदर कार्य पूरा कराए जाने का निर्देश दिया गया है।