जरवा/महराजगंज तराई (बलरामपुर)। तुलसीपुर तहसील के विजयीडीह गांव में सोमवार को लगी भीषण आग में आठ परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। इस हादसे में एक परिवार की बेटी की शादी के अरमान भी राख हो गए, साथ ही 35 हजार रुपये नकद और 80 हजार रुपये के जेवर भी जलकर खाक हो गए।
वहीं, जरवा क्षेत्र के छोटकी चौहत्तर गांव में भी आग से पांच बकरियों की मौत हो गई। इसके अलावा, मंगलवार को छपिया सुखरामपुर गांव में आग लगने से गैसड़ी के पूर्व विधायक शैलेश सिंह शैलू के खेत में खड़ी 4 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
तुलसीपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत विजयीडीह में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग सबसे पहले झब्बर के घर में लगी, जहां उसकी बेटी की शादी 5 मई को होनी थी। आग से संतोष के घर में रखा साइकिल, गैस सिलेंडर, अनाज, कपड़े और 5 हजार रुपये नकद सहित 10 हजार रुपये के जेवर जलकर राख हो गए। हीरालाल और रामधीरज के घरों में भी नुकसान हुआ, साथ ही रामधीरज का एक बीघा गेहूं भी जल गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
इसी तरह, जरवा कोतवाली के ग्राम विश्रामपुर रामपुर के छोटकी चौहत्तर गांव में मंगलवार की सुबह लगभग 10 बजे अज्ञात कारण से आग लग गई। इस हादसे में एक घर, दो घारी और पांच बकरियां जलकर राख हो गईं। स्थानीय निवासी बैतुल्लाह ने बताया कि गांव के अकरू, फजल, निरहू, अहमदुल्लाह, चंपू, मलहू आदि ने बताया कि जंगल के किनारे उनका खेत है, जहां पिछले चार दिनों से आग लगी हुई थी, जिससे फसल जल रही थी। गौरा निवासी रफीक ने भी बताया कि उनके गन्ने के खेत की लगभग 15 विश्वा पेड़ी जल गई है।
एसडीएम अभय सिंह ने कहा कि आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और प्रभावित परिवारों को सहायता दी जाएगी।