बलरामपुर। मदरसा दारुल उलूम इमाम-ए-आजम लिलबनात में 20 जनवरी को जश्ने इमाम-ए-आजम कांफ्रेंस एवं दीक्षांत समारोह (दस्तारबंदी) का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मदरसे की 17 छात्राओं को आलिमा एवं किरात की डिग्री प्रदान की जाएगी।
मदरसे के प्रबंधक मौलाना मोहम्मद उमर ने बताया कि इस सत्र में मदरसे की 7 छात्राओं ने आलिमा तथा 10 छात्राओं ने किरात की पढ़ाई पूरी की है। दीक्षांत समारोह मदरसे के पास स्थित एक होटल में आयोजित किया जाएगा।
डिग्री वितरण से पूर्व केवल महिलाओं के लिए एक विशेष तकरीरी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें गोंडा जिले की आलिमा हबीबी अत्तारिया, आलिमा रुबीना इस्माइली, आलिमा सादिया हनफी, आलिमा रुबिया इस्माइली और आलिमा हुमा परवीन बतौर मुख्य वक्ता शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में महिलाओं के अधिकार, परिवार व समाज के प्रति दायित्व, दीनी एवं आधुनिक शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
इसके बाद औपचारिक दीक्षांत समारोह आयोजित कर उत्तीर्ण छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी। मौलाना मोहम्मद उमर ने बताया कि 19 फरवरी को मदरसा परिसर में खत्म-ए-बुखारी शरीफ का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर शहर के मुफ्ती मौलाना मोहम्मद मसीह, सैय्यद अहमद रजा कादरी, कारी फरियाद, कारी इकरार, मौलाना इम्तियाज मिसबाही सहित अन्य उलेमा-ए-किराम द्वारा खत्म-ए-बुखारी शरीफ के बाद फातिहा और दुआ कराई जाएगी।