बलरामपुर के बड़ा परेड ग्राउंड में लाभार्थी को आयुष्मान कार्ड देती राज्यपाल आनंदीबेन पटेल।-स्रो
- फोटो : संवाद
बलरामपुर। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आंगनबाड़ी कायकर्ताओं को अपने हाथों से बच्चों को खिलौने की 10 किट दी। इसके अलावा भूमि पट्टा, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, आयुष्मान कार्ड व टीबी मरीजों के पांच-पांच लाभार्थियों को योजना का चेक व किट का वितरण किया। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक व भाषण देने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। राज्यपाल के हाथ किट पाकर लाभार्थी निहाल हो उठे।
शिवानी ने सुनाई अपनी कहानी
राज्यपाल के कार्यक्रम के दौरान कक्षा नौ की छात्रा शिवानी ने अपने बाल विवाह का विरोध करने की कहानी सुनाई। बताया कि पिता का देहांत होने के बाद मां मेरी शादी करना चाह रही थीं। मेरी बड़ी बहन का भी बाल विवाह हुआ था। उसकी जिंदगी में तमाम कठिनाइयां आई थीं। इसको देखते हुए मैंने बाल विवाह करने से मना कर दिया। मेरी जिद के आगे मां को भी झुकना पड़ा। अब मैं पढ़ाई कर रही हूं। शिवानी की कहानी कहानी सुनकर सभी भावुक हो उठे।
बाल विवाह व दहेज प्रथा के खिलाफ उठाएं आवाज
कार्यक्रम के दौरान एमएलके पीजी कॉलेज की छात्रा शिखा पांडेय एवं हर्षिता श्रीवास्तव ने बाल विवाह व दहेज प्रथा रोकने के लिए सबको जागरूक किया। कहा कि बाल विवाह और दहेज प्रथा समाज के लिए कलंक है। इसके खिलाफ हम सभी को आवाज उठानी होगा। छात्राओं ने शासन की तरफ से संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उसका उपयोग करने की बात कही।