बलरामपुर/महाराजगंज तराई। निजी मदरसा के भवन निर्माण में मंगलवार को कार्य कर रहे श्रमिक साधौपुर निवासी चेतराम (42) की मौत हो गई है। भवन निर्माण के दौरान छत पर डाली जा रही प्लेट के अचानक टूटने से हादसा हुआ।
महराजगंज तराई थाना के साधौपुर निवासी धूपा देवी ने बुधवार को पुलिस को दिए गए प्रार्थनापत्र में कहा कि उनके पति चेतराम को मंगलवार सुबह आठ बजे रजवापुर निवासी नसीम अख्तर व अनीस चार पहिया वाहन से मजदूरी करवाने के लिए अपने गांव ले गए थे। रात करीब 10 बजे नसीम अख्तर घर आए और कहा कि उनको चोट लग गई है, कौवापुर बाजार में इलाज चल रहा है। जब हम पहुंचे तो उनको जिला मेमोरियल अस्पताल ले गए थे। जिला अस्पताल पहुंचने पर पति का शव बाहर गेट पर मिला। रात में करीब एक बजे पति का शव मेरे घर पर छोड़कर नसीम व अन्य लोग चले गए।
प्रभारी थानाध्यक्ष महराजगंज तराई अजय कुमार गिरि ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।