बलरामपुर। समग्र शिक्षा के तहत फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (एफएलएन) मद से संबंधित अभिलेखों का महालेखाकार (एजी) कार्यालय की टीम ऑडिट करेगी। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने विद्यालयों और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि व समय पर अभिलेखों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
बीएसए ने बताया कि 28 सितंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, पीएमश्री विद्यालयों और नगर क्षेत्र के विद्यालयों का ऑडिट किया जाएगा। इसके लिए दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक का समय निर्धारित है। 30 सितंबर को गैंडास बुजुर्ग विकासखंड से संबंधित तीन एसएमसी और चयनित नौ विद्यालयों के अभिलेखों का परीक्षण संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर होगा।
पांच अक्तूबर को बलरामपुर और शिवपुरा विकासखंड के साथ संबंधित एसएमसी का ऑडिट किया जाएगा। छह अक्तूबर को उतरौला और रेहरा बाजार में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा श्रीदत्तगंज में दोपहर 1:30 बजे से शाम चार बजे तक ऑडिट होगा। सात अक्तूबर को तुलसीपुर व पचपेड़वा में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक और गैसड़ी में दोपहर 1:30 बजे से शाम चार बजे तक अभिलेखों की जांच की जाएगी।
बीएसए ने बताया कि ऑडिट के दौरान विद्यालयों को कैशबुक, लेजर, चेक निर्गत पंजिका, पीएफएमएस पंजिका, बाउचर, बैंक पासबुक समेत एफएलएन मद से संबंधित सभी अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे।