बलरामपुर। कोविड़ काल में लागू लॉकडाउन की तर्ज पर अब माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली के साथ ही अन्य लंबित मांगों के समर्थन में चॉक डाउन आंदोलन शुरू किया है। इसके तहत मंगलवार को शिक्षकों ने चाॅक डाउन प्रदर्शन कर शिक्षण कार्य का बहिष्कार किया। इससे विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई का कार्य प्रभावित रहा।
मंगलवार को स्कूल पहुंचे शिक्षकों ने ब्लैक बोर्ड पर लिखने के लिए चॉक नहीं उठाई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ संयुक्त मोर्चा के संयोजक लालमणि ने बताया कि शिक्षक बीते लंबे समय से पुरानी पेंशन की बहाली के साथ ही चयन बोर्ड तथा चयन बोर्ड अधिनियम 1982 की धारा 21, 18 तथा 12 में मिली शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और सेवा शर्तों को वापस लिए जाने की मांग कर रहे हैं। आंदोलन में अभी तो केवल माध्यमिक शिक्षकों से जुड़े संघ ही एक मंच पर आए हैं। जल्द ही प्राथमिक, उच्च शिक्षा, संस्कृत विद्यालयों, मदरसा तथा सभी श्रेणी के वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षक संगठनों को भी चॉक डाउन आंदोलन से जोड़ा जाएगा। विरोध प्रदर्शन में अजय कुमार, सुरेश यादव, विवेक चौधरी, समर खां, वंदना पांडेय व अंकुर चौधरी सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।