फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज बनेगा जिले का सर्वश्रेष्ठ विद्यालय

Fri, 13 Nov 2026 11:29 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-11-बलरामपुर के तुलसीपुर में ​स्थित स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज ।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज तुलसीपुर को जिले का सर्वश्रेष्ठ इंटर कॉलेज बनाने की तैयारी है। इसके लिए विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही खेलकूद, पाठ्येतर गतिविधियों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
विज्ञापन


शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में विद्यालय के बेहतर संचालन एवं शैक्षिक उन्नयन को लेकर बैठक हुई। गन्ना प्रबंध समिति तुलसीपुर द्वारा संचालित इस विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

डीएम ने विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि शिक्षकों को केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय का एक्सपोजर विजिट कराया जाए। शिक्षक इन संस्थानों में अपनाई जा रही उत्कृष्ट शिक्षण पद्धतियों, कक्षा प्रबंधन और शैक्षिक नवाचारों का अध्ययन करें और वहां की उपयोगी व्यवस्थाओं को अपने विद्यालय में लागू करें। उन्होंने विद्यालय में अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
विज्ञापन


डीएम ने विद्यालय में नियमित रूप से समाचार पत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित की जाए, ताकि वे देश-दुनिया की घटनाओं से परिचित हो सकें। साथ ही दैनिक प्रार्थना सभा में करेंट अफेयर्स, सामान्य ज्ञान, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाओं और महत्वपूर्ण उपलब्धियों की जानकारी देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों का सामान्य ज्ञान बढ़ेगा और उनमें प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता विकसित होगी।

डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए विद्यालय में खेल कोच की नियुक्ति की जाएगी। नियमित खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा वाद-विवाद, भाषण, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, चित्रकला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने प्रबंध समिति को विद्यालय के बेहतर संचालन, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। बैठक में विद्यालय के एनसीसी जूनियर विंग के 100 कैडेटों के प्रशिक्षण और इंस्पायर अवार्ड के तहत पांच विद्यार्थियों के पंजीकरण की जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालय में प्रस्तावित छह भवनों एवं कक्षों के निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
विज्ञापन


इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी संजय कुमार, गन्ना प्रबंध समिति तुलसीपुर के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें