बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक ने बीते दिन ललिया सर्किल के थानों का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने थानों के विवेचकों, हेड कांस्टेबल, बीट आरक्षी व महिला आरक्षी को अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि अपराधियों पर नियंत्रण के लिए संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जाए।
एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों को विवेचनाओं के निस्तारण, रंजिशों के चिन्हांकन, गैंगस्टर के तहत कार्रवाई, ऑपरेशन शिकंजा, ऑपरेशन तमंचा व त्रिनेत्र अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा व कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अराजक तत्वों से निपटने के लिए मोहल्ला कमेटी व सांप्रदायिक व्यक्तियों की निगरानी का निर्देश दिया। स्कूल चलो अभियान, एंटी रोमियो व मिशन शक्ति के बारे में जन जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसपी ने थानों के अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनके उचित रखरखाव के संबंध में भी निर्देश दिया। उन्होंने मालखाना, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क एवं थाने में साफ-सफाई का भी जायजा लिया। थाने पर व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से बातचीत करते हुए एसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।