बलरामपुर। पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने जिले में पर्यवेक्षक के रूप में विशेष सचिव एमएसएमई लखनऊ डॉ. प्रदीप कुमार की तैनाती कर दी है। पर्यवेक्षक की निगरानी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान व मतगणना के कार्यक्रम कराए जाएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने सोमवार को बताया कि शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से पर्यवेक्षक की तैनाती कर दी गई है।
पर्यवेक्षक की निगरानी में 26 अप्रैल को होने वाली जिले के सभी 9 ब्लॉकों में मतदान प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। साथ ही पर्यवेक्षक के निगरानी में जिले के सभी 9 ब्लॉकों में दो मई को होने वाले मतगणना कराई जाएगी। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक जिले में 23 अप्रैल को आएंगे। मतगणना की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक 30 अप्रैल को जिले में पहुंचेंगे।
जिला मुख्यालय पर पहुंचकर दोनों तिथियों में मतदान व मतगणना की तैयारियों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही निर्वाचन क्षेत्रों का भ्रमण भी करेंगे।
यदि उन्हें कोई गंभीर समस्या दिखाई पड़ेगी तो उसे आयोग के संज्ञान में लाएंगे। मतदान व मतगणना के बाद सभी परिणामों की निष्पक्ष व पारदर्शी उद्घोषणा संपादित कराते हुए समस्त निर्वाचन सामग्री स्ट्रांग रूम में रखवाकर आयोग को सूचना उपलब्ध कराएंगे फिर उसके बाद जिला मुख्यालय छोड़ेंगे।