पिपरहवा चौराहा (बलरामपुर)। भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने अघोषित बिजली कटौती को तत्काल बंद कराने के लिए डीएम को शिकायती पत्र भेजा है।
क्षेत्रवासी अंकित कुमार, सोनूू, वेदप्रकाश, मुजीब, चंद्रभान सिंह, अवधेश कुमार आदि ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि क्षेत्र में कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हरैया फीडर से पिपरहवा, अर्जुनपुर, कल्यानपुर, नंदमहरा, भचकहिया, भंगहा कला, नैकिनिया व बेलीखुर्द आदि गांवों के करीब 10 हजार लोगों को अघोषित बिजली कटौती से परेशानी हो रही है।
रोस्टर के अनुसार बिजली सप्लाई न होने से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। इन लोगों ने डीएम से समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। क्षेत्र के लोगों ने अधीक्षण अभियंता को फोन करके समस्या से अवगत कराया। अधीक्षण अभियंता ललित कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि एक्सईएन तुलसीपुर से वार्ता करके समस्या का तत्काल निराकरण कराएंगे।