फोटो-39-बलरामपुर के जरवा में दुकान पर खरीदारी करते लोग ।-संवाद
बलरामपुर/जरवा। त्योहार शुरू होते ही चीनी के दाम में तेजी आ गई है। पहले 45 से 50 रुपये प्रति किलो बिकने वाली चीनी अब 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। कई दुकानों पर स्टॉक खत्म होने की बात सामने आने से ग्राहक परेशान हैं। चीनी की कमी की सूचना पर कुछ ग्राहक जिला मुख्यालय पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं। वहीं, इस स्थिति से कालाबाजारी और जमाखोरी की आशंका भी बढ़ गई है।
नगर के भगवतीगंज के व्यापारी सुरेंद्र अग्रवाल को पिछले दो दिनों से चीनी का स्टॉक नहीं मिला है। इसके चलते उन्हें कई ग्राहकों को बिना चीनी दिए लौटाना पड़ा। दुकानदार अशरफ ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से चीनी के दाम में वृद्धि हुई है। पिछले सप्ताह तक चीनी 50 रुपये प्रति किलो से कम में बिक रही थी, लेकिन अब इसकी कीमत 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
ग्राहक उमेश और पंकज ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदार स्टॉक खत्म होने की बात कहकर ग्राहकों को भ्रमित कर रहे हैं। जरवा क्षेत्र में चीनी 65 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रही है। दुकानों पर स्टॉक खत्म होने की सूचना से कालाबाजारी और जमाखोरी की आशंका बढ़ गई है। जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने जिले में चीनी का स्टॉक खत्म होने की जानकारी से इन्कार किया। उन्होंने मामले की जांच कराने और दुकानों पर निगरानी रखने की बात कही।
महंगी चीनी से घरेलू बजट और कारोबार प्रभावित
जरवा निवासी रहीम ने बताया कि चीनी की कमी और बढ़े दाम का असर घरों की रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है। नगई निवासी मुंजीराम के लिए भी महंगी चीनी के चलते अपनी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। चीनी के दाम बढ़ने से गांवों में मिठाई बनाने वाले कारोबारियों की लागत भी बढ़ गई है।
मिठाई विक्रेता मालिकराम ने बताया कि रसगुल्ला, लड्डू और पेड़ा बनाने में चीनी की लागत बढ़ गई है। ऐसे में मिठाइयों का आकार छोटा करके काम चलाना पड़ रहा है। इससे मिठाई के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।