बलरामपुर। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर बुधवार को एमएलके महाविद्यालय के भूगोल विभाग की ओर से भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने ओजोन परत के क्षरण, इसके दुष्परिणामों और संरक्षण के उपायों पर विचार प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की मुख्य नियंता प्रो. वीना सिंह ने किया। भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा विश्वकर्मा ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी के लिए सुरक्षा कवच है। प्रदूषण और हानिकारक रसायनों पर नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। मुख्य नियंता ने कहा कि युवा वर्ग पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संवाहक है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
डॉ. अजहरूद्दीन और डॉ. अनुज सिंह ने वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
भाषण प्रतियोगिता में सुरभि देवी ने प्रथम, मो. सऊद ने द्वितीय और अदिति मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में नाशिरा अजीज प्रथम, सुरभि देवी और अंजुम बानो द्वितीय तथा अंकित पटेल और निशा तृतीय स्थान पर रहे। मुख्य नियंता ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।