बलरामपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त करती पुलिस व एसएसबी की टीम।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। सोहेलवा जंगल की वादियों में चप्पे-चप्पे पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जंगल के कीमती पेड़ों व जड़ी-बूटियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस व सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के जवान पूरी तरह से सतर्क हैं। नेपाल सीमा से सटे गांवों, कस्बों व जंगल के रास्तों पर शनिवार को पैदल गश्त करके सुरक्षा का जायजा लिया गया।
क्षेत्रों में प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोगों की आवाजाही रहती है। चेकपोस्ट पर लोगों के आधार कार्ड भी चेक किए जा रहे हैं। संदेह होने पर स्थानीय थानों से उनका सत्यापन भी कराया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने शनिवार को बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस व एसएसबी के साथ करीब 220 स्थानीय लोगों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाया गया है। सीमावर्ती गांवों के बीट सिपाहियों को प्रतिदिन सूचना अपडेट करने की हिदायत दी गई है। ग्रामीण बाजारों में एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीमें गश्त करने के साथ ही कैंप भी कर रहीं हैं। सीमावर्ती 46 गांवों में विशेष नजर रखी जा रही है। सीओ तुलसीपुर बृजनंदन राय, असिस्टेंट कमांडेंट एसएसबी सुजीत कुमार व प्रभारी निरीक्षक जरवा गोविंद कुमार की संयुक्त टीम ने शनिवार को नेपाल सीमा के साथ सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लिया।