देहात/सादुल्लाहनगर। अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पीसी कमेटी की बैठकों में अफसरों ने लोगों को कड़ी चेतावनी दी है। नगर कोतवाली व सादुल्लाहनगर थाने में पीस कमेटी की बैठक कर लोगों से सुझाव भी लिए गए।
सादुल्लाहनगर थाना परिसर में मोहर्रम व गणेश पूजा को लेकर सोमवार को पीस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम उतरौला अरुण कुमार गौड़ ने लोगों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की और गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी। सीओ उतरौला मनोज कुमार यादव ने कहा कि विवादित मार्गों के बारे में पहले से सूचना दें जिससे समस्या का हल कराया जा सके।
जुलूस परंपरागत मार्गों से ही निकाला जाएगा। किसी भी स्थिति में रास्ता परिवर्तन नहीं किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक सादुल्लाहनगर थाना अनिल कुमार यादव ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और मिलजुल कर त्योहार मनाने की अपील की। पीस कमेटी की बैठक में साहेबराम, बेचूदयाल तिवारी, साबिर, राम मिलन व दीप चंद्र आदि ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
नगर कोतवाली परिसर में बीते दिन पीस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए एसपी देवरंजन वर्मा ने गणेश चतुर्थी व मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने की अपील की। डीजे बजाए जाने संबंधी शासकीय निर्देश के बारे में भी बताया गया। पीस कमेटी की बैठक में नगर पालिका परिषद बलरामपुर की अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली, सीओ सिटी कर्मवीर सिंह व प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली रामाश्रय राय आदि ने भी अपने-अपने सुझाव दिए।