बलरामपुर। सोहेलवा जंगल में बृहस्पतिवार रात एसएसबी जवानों व वनकर्मियाें की शिकारियों से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से फायरिंग हुई। मगर रात के अंधेरे में घने जंगल के रास्ते शिकारी नेपाल भागने में सफल रहे। जवानों ने मौके से तीन हिरण की खाल, दो रायफल व पांच चाकू बरामद किए हैं। उक्त सामान वन विभाग के सुपुर्द किया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्रीय वनाधिकारी बनकटवा रेंज सत्रोहन लाल ने बताया कि बृहस्पतिवार रात एसएसबी की नौंवीं वाहिनी की सीमा चौकी गंधेला नाका के पिपरा गांव के पास जंगल में कुछ शिकारियों की मौजूदगी की सूचना मिली। एसएसबी निरीक्षक पवन कुमार की अगुवाई में जवानों ने गांव में कांबिंग शुरू की। वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीम बुला ली गई।
जंगल में हथियारों से लैस आठ शिकारियों की मौजूदगी की सूचना थी। जवानों ने तीन तरफ से घेराबंदी शुरू कर दी। इस बीच आहट पाकर शिकारी शोर मचाते हुए नेपाल की ओर भागने लगे। जवानों ने पीछा किया तो शिकारियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। मगर घने जंगल व अंधेरे का फायदा उठाकर शिकारी नेपाल की तरफ भाग गए। जंगल में तलाशी के दौरान तीन हिरण की खाल, दो रायफल, गोला-बारूद के साथ ही अन्य सामान बरामद हुआ, जिसे रेंज ऑफिस के सुपुर्द कर केस दर्ज कराया गया।
डीएफओ के निर्देश पर थाने में भी केस दर्ज
डीएफओ के निर्देश पर शिकारियों के खिलाफ हरैया सतघरवा थाने में भी केस दर्ज कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक गोविंद कुमार ने बताया कि वन क्षेत्राधिकारी सत्रोहन लाल की तहरीर पर आठ शिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जिसमें तीन नामजद और पांच अज्ञात शामिल हैं। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।