बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से तीन तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ दिव्यांग बच्चों को भी निपुण बनाया जाएगा। इसके बाद निपुण बने दिव्यांग बच्चों की परीक्षा कराई जाएगी। इस परीक्षा के परिणाम के आधार पर उनके शैक्षिक विकास व सुधार से जुड़े कार्यों का संचालन होगा।
शासन ने परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले सामान्य बच्चों के लिए निपुण अभियान चला रखा है। अब सरकार ने दिव्यांग छात्र-छात्राओं को भी निपुण बनाने की योजना बनाई है। इसके लिए वर्ष 2024 में दिव्यांग विद्यार्थियों की विशेष परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा परिणाम के आधार पर दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई में जो कमी सामने आएगी उसमें सुधार कराया जाएगा। जिले में 6825 दिव्यांग बच्चों को पंजीकृत करने का लक्ष्य के इतर अभी तक परिषदीय स्कूलों मेंं 3917 दिव्यांग बच्चों का ही पंजीकरण हो पाया है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने सभी जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया है कि मार्च 2024 में चिह्नित दिव्यांग बच्चों की विशेष परीक्षाएं कराई जाए। परीक्षा की निगरानी के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर टीमें गठित होगी। इससे इस बात का मूल्यांकन होगा कि दिव्यांग बच्चें क्या पढ़ रहे हैं। सहायक शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल राम सागर पति त्रिपाठी ने बताया कि इस संबंध में बीएसए को जिले में जल्द ही दिव्यांग बच्चों की विशेष परीक्षाएं संचालित कराने को कहा गया है।