बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे सपाई।-स्रोत: सपा
बलरामपुर। सपा राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर हमले के विरोध में बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
गैसड़ी विधायक राकेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय लोहिया भवन से पैदल मार्च निकाला। नारेबाजी करते हुए सपाई कलेक्ट्रेट पहुंचे। विधायक ने कहा कि करणी सेना ने अलीगढ़ और बुलंदशहर में राष्ट्रीय महासचिव के काफिले पर हमला किया। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश में जब सांसद सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी कहां जाए। करणी सेना प्रदेश सरकार की ओर से समर्थित है।
जिला महासचिव नरसिंह पाल यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार में देश का हर वर्ग परेशान है। बहन-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। खुलेआम लोगों पर हमले किए जा रहे हैं। प्रदर्शन को ओंकार नाथ पटेल, प्रेम यादव, मनीष सोनकर, डॉ. भानु त्रिपाठी व सपा मीडिया प्रभारी विशाल श्रीवास्तव आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर गणेश दत्त, महेंद्र विक्रम अकेला, हाजी इंजीनियर खान, करीम खान, शारून वसीम, इकबाल जावेद, प्रमोद यादव, संजय यादव, शैलेंद्र यादव, राम बहादुर यादव, शफीउल्लाह खान व दुर्गेश दुबे आदि मौजूद रहे।