बलरामपुर। पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था प्रवीण कुमार ने एसपी कार्यालय को पत्र भेजकर 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में एसपी को शामिल होने का न्योता दिया है। जिले के एसपी देवरंजन वर्मा 15 को सिल्वर मेडल से सम्मानित होंगे।
एसपी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि एसपी देवरंजन गोरखपुर जोन के बलरामपुर में तैनात है। प्रयागराज में कुंभ मेले के दौरान शानदार इंतजाम करने पर एसपी को सम्मानित किया जा रहा है। एसपी ने बताया कि शासन स्तर से सम्मानित किए जाने पर बेहद खुशी हो रही है। सिल्वर मेडल के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह भी एसपी को दिया जाएगा।
प्रदेश के 116 पुलिस अफसरों व कर्मियों को शासन स्तर से प्लेटिनम, गोल्ड व सिल्वर मेडलों से सम्मानित किया जा रहा है। सम्मानित सूची में जिले के एसपी को शामिल किए जाने पर डीएम कृष्णा करुणेश, सीडीओ अमनदीप डुली, एडीएम अरुण कुमार शुक्ल, एएसपी अरविंद मिश्र, सीओ सिटी कर्मवीर सिंह आदि ने बधाई दी है।