तरबगंज (गोंडा)। क्षेत्र के चिवरहा गांव में चर्चित जगदेव शर्मा हत्याकांड को लेकर सोमवार को सपा का एक प्रतिनिधि मंडल मृतक के परिजनों से मिला। उन्हें सांत्वना देते हुए घटना के पहलुओं पर जानकारी हासिल की। इस दौरान उमरी बेगमगंज थाने की पुलिस मौके पर तैनात रही। बता दें कि बीते 24 नवंबर की रात चिवरहा गांव में राम विवाह महोत्सव देखने गए अमदही निवासी युवक जगदेव शर्मा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी।
सपा के पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि वारदात में पुलिस व पहली बार पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टर दोनों की भूमिका संदिग्ध है, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तरबगंज थाने के एसओ से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन वह मौके पर नहीं आए। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन, पूर्व जिला अध्यक्ष पप्पू यादव, पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, पूर्व एमएलसी महफूज खान, रणविजय सिंह, सपा नेता नरेंद्र सिंह, सूरज सिंह, राम भजन चौबे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय सिंह (टिंटू सिंह), हृदय राम यादव आदि शामिल रहे।