बलरामपुर। कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा करते हुए एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शुक्रवार को जिले के कुल्हई गांव निवासी श्रवण उर्फ कृष्ण मोहन पांडेय, नीरज शुक्ला, वीरू उर्फ दीप नारायण पांडेय, सचिन पांडेय, बब्लू पांडेय तथा गोंडा के तिवारीपुरवा थाना खरगुपुर को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैटरियां, सोलर पैनल, सीसीटीवी कैमरे तथा एक कार व बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से प्राथमिक विद्यालयों, पंचायत भवनों और निर्माणाधीन मकानों से एलसीडी, कंप्यूटर, प्रिंटर, मोटर पंप, बैटरी व अन्य उपकरण चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों की तलाश शुरू की।
बृहस्पतिवार रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक कार में चोरी का सामान ले जाया जा रहा है। वाहन रोककर तलाशी ली गई, जिसमें एलसीडी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान मिला। वाहन सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो गिरोह के अन्य साथियों के नाम सामने आए। उनकी निशानदेही पर एक खंडहरनुमा मकान में छापा मारकर चार अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया, जहां से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ।
पुलिस को गिरोह के पास से एलईडी-एलसीडी टीवी, कंप्यूटर सीपीयू, मॉनिटर, कीबोर्ड-माउस, प्रिंटर, यूपीएस, इन्वर्टर, सोलर पैनल, बैटरियां, सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई डिवाइस, मोटर पंप, गैस सिलिंडर, स्पीकर-माइक सेट समेत कई अन्य उपकरण मिले हैं। साथ ही एक कार और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद की गई है। एसपी विकास कुमार ने बताया कि गिरोह की गिरफ्तारी से स्कूलों व पंचायत भवनों में हुई कई चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है और आगे की जांच जारी है।
अलग- अलग लोगों ने दर्ज कराई थी एफआईआर
कोतवाली देहात में अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की एफआईआर दर्ज हुई थी। इसमें प्राथमिक विद्यालय अडार पाकड़ के प्रधानाचार्य प्रवल कुमार ने 17 जनवरी को चोरी की सूचना दी थी, जबकि ग्राम पंचायत गंगापुर बांकी की ग्राम प्रधान मायावती ने 8 फरवरी को घटना दर्ज कराई थी। प्राथमिक विद्यालय कलंदरपुर की सहायक अध्यापक आरती गुप्ता ने 11 फरवरी 2026 को 8 अगस्त 2025 की चोरी की शिकायत दी थी। फुलवरिया बाईपास चौराहा विशुनापुर निवासी दुरपता देवी ने 30 जनवरी को घटना दर्ज कराई थी। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय बहादुरापुर की सहायक अध्यापक कुसुम पांडेय ने 22 नवंबर 2025 को चोरी की सूचना पुलिस को दी थी। इनकी रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।