तुलसीपुर नगर पंचायत परिसर में मोबाइल कोर्ट में फरियादियों की शिकायत सुनतीं न्यायाधिकारिणी आस्थ
तुलसीपुर (बलरामपुर)। न्याय को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर पंचायत तुलसीपुर परिसर में मोबाइल कोर्ट (सचल न्यायालय) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम न्यायालय तुलसीपुर की न्यायाधिकारिणी आस्था सिंह ने की।
मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही के दौरान विभिन्न प्रकार के 09 वादों की सुनवाई की गई। इनमें से छह वादों का निस्तारण आपसी समझौते के तहत कराया गया, जबकि शेष तीन वादों का भी विधिक प्रक्रिया के तहत निपटारा किया गया। मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही के दौरान ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उनका कहना था कि ऐसे न्यायालय से गरीब और वंचित वर्ग के लोगों को अदालतों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलती है और समय व धन की भी बचत होती है।
न्यायिक कार्य के दौरान पेशकश सुरेंद्र सिंह, आशुलिपिक रंजीत कुमार आदि मौजूद रहे। न्यायाधिकारिणी ने कहा कि मोबाइल कोर्ट का उद्देश्य न्याय को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोग जो समय व आर्थिक तंगी के कारण नियमित अदालतों तक नहीं पहुंच पाते, उनके लिए यह न्यायालय कारगर साबित होगा।