बलरामपुर। नहर की सिल्ट सफाई पर 3.92 लाख रुपये चालू वित्तीय वर्ष में खर्च करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। 10.5 किलोमीटर लंबी नहर में जमी सिल्ट साफ की जाएगी। नहर से जुड़े 20 गांवों के 20 हजार किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। समय से सिंचाई होने पर खेतों में फसलें लहलहाएंगी, इससे किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी।
नेपाल सीमा से सटा पचपेड़वा ब्लॉक हार्ड एरिया में आता है। भीषण गर्मी में जलस्तर काफी नीचे चला जाता है, इससे फसलों की सिंचाई करने में किसानों को काफी असुविधा होती है। सोहेलवा से सटे गांवों में कोहरगड्डी बांध से निकलने वाली नहरें ही सिंचाई का एकमात्र साधन हैं। बांध से निकली नहरों में सिल्ट जमा होने के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाता है।
खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए चित्तौड़गढ़ बांध निर्माण खंड ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में फरेंदी गांव से 10.5 किलोमीटर लंबाई में नहर की सिल्ट सफाई के लिए कार्ययोजना तैयार की है। नहर की सफाई होने से बेतहनिया, वीरपुर, सेमरा, करैहिया, मिश्रौलिया, थुरवलिया, पोखरभिटवा, फरेंदी, कुशमहर एवं भोजपुर संतरी सहित 20 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। (संवाद)
किसानों ने जताई खुशी
पचपेड़वा ब्लॉक के फरेंदी गांव निवासी बब्लू प्रधान, कोल्हुई निवासी फिराेज व चंदराम, बैरिहवा निवासी जगदीश सिंह व बृज विलास, करैहिया निवासी इसराइल, बेतहनिया निवासी पूर्व प्रधान बन्ने और वीरपुर सेमरा निवासी दिलीप यादव का कहना है कि नहर में जमा सिल्ट की सफाई होने से किसानों की मुश्किलें दूर होंगी। सिंचाई के लिए किसानों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
जल्द शुरू होगा काम
कोहरगड्डी बांध से निकली नहर की सिल्ट सफाई कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। शीघ्र ही नहर की सिल्ट सफाई का कार्य शुरू कराया जाएगा। -अखिलेश कुमार सिंह, एक्सईएन चित्तौड़गढ़ बांध निर्माण खंड