बलरामपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की तरफ से शनिवार को जिले के 85 स्कूलों में संस्कृति ज्ञापन परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में करीब सात हजार विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक विद्यालय में दो-दो पर्यवेक्षक व तीन सचल दल बनाए गए।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक गुलाब चन्द भारती ने बताया कि बलरामपुर, तुलसीपुर व उतरौला तहसील क्षेत्र के 85 विद्यालयों में परीक्षा कराई गई। डिवाइन पब्लिक स्कूल में प्रबंधक आशीष उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा में बढ़ चढ़कर छात्रों ने भाग लिया। नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की गई। विद्यालय की शिक्षिका जूली पांडेय, शालिनी, सोनी, सुनीता मिश्रा व ऊषा चौहान आदि ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई। इसी तरह एमएलके पीजी कालेज, सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, बलरामपुर मार्डन इंटर कालेज बलरामपुर, सिटी मांटेसरी इण्टर कालेज व सुन्दर दास राम लाल इण्टर कालेज में भी परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण तरह से हुआ। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के सचिव शिव कुमार कश्यप ने बताया कि परीक्षा के आयोजन के लिए प्रत्येक विद्यालयो में दो-दो पर्यवेक्षकों की टीम के साथ ही तीन सचल दल बनाए थे।