बलरामपुर के लेवल-1 हास्पिटल से घर जाते कोरोना मरीज।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। कोरोना संक्रमण को लेकर शुक्रवार का दिन जिले के लिए काफी राहत वाला रहा। लेवल-1 हास्पिटल में भर्ती आठ मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर सात लोगों को घर भेज दिया गया है। ठीक होकर घर पहुंचे लोगों का स्वागत ताली बजाकर किया गया। पॉजिटिव मिले एक व्यक्ति को किन्हीं कारणों से अभी डिस्चार्ज नहीं किया गया है।
संयुक्त निदेशक ने लेवल-1 हास्पिटल का निरीक्षण करते हुए स्वस्थ हुए मरीजों को राशन व सुरक्षा किट देकर होम क्वारंटीन रहने की नसीहत दी। गुरुवार की देर रात एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के साथ ही अब कुल एक्टिव केस की संख्या 17 हो गई है।
संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अनिल कुमार सिंह ने शुक्रवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय स्थित लेवल-1 हास्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी डाक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों को पीपीई किट पहनकर हास्पिटल में भर्ती मरीजों का सही ढंग से उपचार व देखभाल करने का निर्देश दिया। मरीजों को पोषक तत्वों से भरपूर भोजन दिए जाने व अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
संयुक्त निदेशक ने स्वस्थ हुए सात मरीजों को राशन व सुरक्षा किट देकर घर में कम से कम 14 दिन तक क्वारंटीन रहने की नसीहत दी। इसके बाद जेडी ने क्वारंटीन सेंटर माडर्न इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया। क्वारंटीन सेंटर में एक बच्चे को बुखार होने और सांस लेने में दिक्कत आने पर बच्चे सहित पूरे परिवार का सैंपलिंग कराए जाने का निर्देश दिया। संयुक्त निदेशक ने बताया कि जिले में कोविड-19 के संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए जिला संयुक्त चिकित्सालय में वेंटीलेटर व आक्सीजन पाइप लाइन आदि की व्यवस्था करने का निर्देश सीएमओ को दिया गया है।