फोटो-11-बलरामपुर के लौकहवा डिप पर बाढ़ के पानी में फंसी एंबुलेंस
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। रविवार को पहाड़ी नालों में उफान से आई बाढ़ में फंसे 13 लोगों को जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ की मदद से सकुशल बाहर निकाल लिया।
डीएम कृष्णा करूणेश ने बताया कि रविवार शाम हरिहरगंज-ललिया मार्ग के लौकहवा डिप पर एम्बुलेंस बाढ़ के पानी में फंस गई थी। यहीं पर कई लोग बाढ़ से बचने के लिए पेड़ों पर बैठे थे। रात होने के चलते ललिया पुलिस पीड़ितों तक नहीं पहुंच पा रही थी। देर शाम एसपी देवरंजन वर्मा की मदद से गोंडा से प्लाटून कमांडर ओंकार यादव के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम बुलाई गई।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस में फंसे डॉ. अभय सिंह, फार्मासिस्ट संतोष कुमार, क्रान्ति कुमार सिंह, अनुभव सिंह तथा चालक लारेंस श्रीवास्तव को बाहर निकाला। पास ही में बाढ़ के पानी से बचने के लिए पेड़ पर चढ़े अली हुसैन(22), वाजिद(26), शफीक(21), ननके(28), उजागर(35), फूलचन्द(26) व घनश्याम(30) को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला गया। एसडीएम सदर नागेन्द्र नाथ यादव ने बताया कि सभी 13 लोग सुरक्षित हैं।