बलरामपुर के तुलसीपुर में आयोजित बैठक को संबोधित करते प्रांतीय प्रभारी।-स्रोत: संगठन
तुलसीपुर (बलरामपुर)। विद्युत वितरण निगम में 30 प्रतिशत संविदा कर्मियों की छंटनी के विरोध में विद्युत संविदा मजदूर संगठन 10 फरवरी को लखनऊ में सत्याग्रह करेगा। बुधवार को नगर के एक होटल में संगठन के प्रांतीय प्रभारी पुनीत राय के नेतृत्व में बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई गई। बैठक के दौरान पीलीभीत जनपद में संविदा समाप्त होने पर विद्युतकर्मी की आत्महत्या करने पर दुख जताते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय प्रभारी ने कहा कि वर्ष 2017 के आदेश को वर्तमान स्थिति में लागू करना अव्यावहारिक है। 2017 में 14000 मेगावाट बिजली की मांग थी, वर्तमान में 29000 मेगावाट की मांग है। इसके बावजूद संविदा कर्मियों का छंटनी करना बेहद दुखद और अन्याय पूर्ण है। संविदाकर्मियों से 16 से 18 घंटे तक काम लिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एक मुश्त समाधान योजना का कार्य भी संविदा कर्मी ही करते हैं । बैठक को जिलाध्यक्ष विष्णु कुमार सिंह, महामंत्री दयाशंकर सिंह व उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी संबोधित करते हुए अधिक से अधिक कर्मियों से सत्याग्रह में पहुंचने की अपील की। इस अवसर पर विशाल व अनिल श्रीवास्तव सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।