बलरामपुर। प्रधानमंत्री सम्मान निधि की अगली किस्त शीघ्र ही आने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन ये मिलेगी तभी जब ई केवाईसी होगा। ऐसे में सम्मान निधि का लाभ पाने के लिए किसान भागदौड़ करने लगे हैं। कृषि विभाग में 266232 किसान पंजीकृत हैं। इनमें 231161 किसानों का ई केवाईसी पूरा हो गया है। 35071 किसानों का ई केवाईसी न होने से इनका पैसा फंस सकता है।
नई सरकार के गठन के बाद अब इसी माह में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी होगी। ऐसे में सम्मान निधि की 17वीं किस्त से जिले के 35 हजार किसान वंचित हो सकते हैं। उप निदेशक कृषि ने 20 जून तक शत प्रतिशत किसानों का ई केवाईसी कराने का निर्देश कर्मचारियों को दिया है।
ई केवाईसी नहीं होने से 47450 को नहीं मिली थी पिछली किस्त
इसी साल मार्च 2024 में प्रधानमंत्री सम्मान निधि की 16वीं किस्त जारी की गई थी। तब ई केवाईसी न होने के कारण 47450 किसानों की16वीं किस्त अटक गई थी। उप निदेशक कृषि कार्यालय में सम्मान निधि के बारे में जानकारी लेने आए किसान मनोहर लाल व राम बुझारत ने बताया कि दो साल पहले उन्हें सम्मान निधि का पैसा मिलता है। इसके बाद तीन किस्त का पैसा उनके बैंक खाते में नहीं पहुंचा है। इसी तरह किसान छोटेलाल, छोटकऊ प्रसाद व त्रिलोकीनाथ ने बताया कि उन लोगों ने कई बार ई केवाईसी कराने के लिए आधार कार्ड व बैंक पासबुक जमा किया, फिर भी उन्हें 16वीं किस्त का लाभ नहीं मिला था।
शत प्रतिशत ई केवाईसी कराने का निर्देश
- कृषि विभाग में पंजीकृत शत प्रतिशत किसानों का ई केवाईसी कराने का निर्देश विभागीय कर्मचारियों को दिया गया था। कृषि विभाग के कर्मचारी गांवों में जाकर ई केवाईसी कर रहे हैं। 20 जून तक सभी किसानों का ई केवाईसी का कार्य पूरा हो जाएगा।
- नरेंद्र कुमार, उप निदेशक कृषि, बलरामपुर