बलरामपुर। दो हेडमास्टर समेत तीन शिक्षकों का वेतन अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। स्कूल में ताला लटकने और बिना सूचना के गैरहाजिर रहने पर कार्रवाई की गई है। छह सितंबर को संतोषजनक जवाब न देने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र के तीन स्कूलों के शिक्षकों पर बेसिक शिक्षा महकमा ने वेतन रोकने की कार्रवाई की है।
बीएसए हरिहर प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि बीईओ शिवपुरा की तरफ से 28 अगस्त को प्रस्तुत की गई रिपोर्ट के आधार पर इंचार्ज हेडमास्टर प्राथमिक विद्यालय भवनियापुर गिरिजेश कुमार तिवारी को दोपहर 12.45 पर स्कूल में ताला लटकने, प्राथमिक विद्यालय डबकीपुरवा के शिक्षक अवनीश कुमार शुक्ला को संबद्धीकरण आदेश न होने के बावजूद प्राथमिक विद्यालय बरहवा नवीन में काम करके अनियमित ढंग से वेतन भुगतान प्राप्त करने तथा प्राथमिक विद्यालय बरहवा नवीन के हेडमास्टर राजेश्वर पांडेय को 20 अगस्त से लगातार बिना सूचना के स्कूल से गैरहाजिर रहने एवं अनुपस्थित तिथि का पत्रक फर्जी तरीके से प्रस्तुत कर वेतन भुगतान करने के आरोप में अग्रिम आदेश तक के लिए वेतन रोक दिया गया है।
दोनों हेडमास्टर व एक शिक्षक से छह सितंबर 2019 को प्रात: 11 बजे बेसिक शिक्षा कार्यालय में उपस्थित होकर साक्ष्य सहित जबाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। संतोषजनक जबाब न देने और सुनवाई में शामिल न होने पर एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए सेवा समाप्ति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। बीएसए ने इसके लिए दोनों हेडमास्टर व शिक्षक पर उत्तरदाई होने की बात कही है।