बलरामपुर के सीएमओ कार्यालय सभागार में एएनएम को दिया जा रहा प्रशिक्षण।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (बीएचएसएनडी) के तहत सीएमओ कार्यालय सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांव के हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण सेवाओं की पहुंच बनाने के लिए एएनएम को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने सभी एएनएम को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बीएचएसएनडी कार्यक्रम की सफलता में एएनएम की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। बीएचएसएनडी के तहत गांवों में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के संबंध में जो सुविधाएं ग्रामीणों को दी जानी है उसकी सही जानकारी एएनएम को होगी तभी योजना सफल हो सकती है।
एएनएम बीएचएसएनडी की उपलब्धि, कठिनाई और समस्याओं के निराकरण के लिए ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करें। स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित योजनाओं की पात्रता के बारे में लोगों को जानकारी दें। उच्च जोखिम वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें अस्पताल के लिए रेफर कराएं। चिकित्साधिकारी व प्रशिक्षक डॉ. जगमोहन ने सभी एएनएम को मातृ कुपोषण के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गर्भवती व धात्री महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए पौष्टिक आहार दिया जाना चाहिए।
प्रशिक्षक ईला शुक्ला ने बताया कि महिला की गर्भावस्था के दौरान उनके परिजनों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसके लिए परिवार के लोगों को जागरूक करने में एएनएम भूमिका अदा कर सकती है। गर्भवती महिला के परिवार को यह बताया जाए कि गर्भावस्था के दौरान महिला की कम से कम चार बार जांच कराई जानी चाहिए और उसके खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाए।