बलरामपुर। चालू वित्तीय वर्ष में सड़कों के निर्माण व मरम्मत पर 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चारों विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों की सहमति से कार्ययोजना तैयार की गई है। ऐसे में जिले के 24 लाख लोगों को फर्राटा भरने के लिए नई व चमचमाती सड़कें मिलेंगी।
नई सड़कें सुहाने सफर का मजा देंगी। वहीं, सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए शासन ने पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को सिर्फ 33 लाख रुपये ही बजट दिया है। इतने कम बजट से मात्र कुछ सड़कें ही गड्ढामुक्त हो सकेंगी। लोगों ने प्रदेश सरकार से सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की मांग की है।
दो कार्यदाई संस्थाएं जिले में सड़कों का निर्माण व मरम्मत का कार्य प्रमुखता से करा रही हैं। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को तुलसीपुर, हरैया सतघरवा, गैसड़ी व पचपेड़वा ब्लॉक में सड़कों के निर्माण व मरम्मत का जिम्मा सौंपा गया है। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की पांच ब्लॉक सदर, श्रीदत्तगंज, उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग व रेहरा बाजार में सड़कों के निर्माण व मरम्मत कराने की जिम्मेदारी मिली है।
दोनों कार्यदाई संस्थाओं के एक्सईएन ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में चारों विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों की सहमति पर 50-50 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है। शासन से जांच-पड़ताल के बाद सड़कों का निर्माण व मरम्मत कराने के लिए भेजी गई कार्ययोजना को सहमति प्रदान की जाएगी। इसके बाद दोनों कार्यदाई संस्थाओं को सड़कों निर्माण व मरम्मत के लिए बजट दिया जाएगा।
वहीं, सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए इस वित्तीय वर्ष में अभी तक पीडब्ल्यूडी की कार्यदाई संस्था प्रांतीय खंड को केवल 33 लाख रुपये का बजट ही मिला है। वहीं, निर्माण खंड के एक्सईएन से सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए शासन स्तर से दिए गये बजट की जानकारी नहीं हो सकी है। सड़कें बदहाल होने से जिले के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
संजय, राजीव, सचिन, बलदेव, मालिकराम, मनमोहन, सरयू प्रसाद आदि का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ नगरों में भी सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। वीर विनय चौराहे से गोंडा रोड पर एसपी आवास तक सड़क चलने लायक नहीं है। कीचड़ व गंदगी से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसी तरह से रेहरा बाजार से सादुल्लाहनगर जाने वाली सड़क का निर्माण पूरा न होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों ने सीएम से बदहाल सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन विनोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चारों विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों की सहमति से सड़कों के निर्माण व मरम्मत की कार्ययोजना तैयार करके शासन को भेजी गई है। कार्ययोजना पास होने के बाद शासन से बजट दिया जाएगा। बजट मिलने के बाद सड़कों का निर्माण व मरम्मत कार्य कराया जाएगा। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए चालू वित्त वर्ष में अभी तक पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को 33 लाख रुपये का बजट दिया गया है।