महराजगंज तराई (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम दांदव को जाने वाली सड़क विगत दिनों आई बाढ़ के कारण कट गई थी। सड़क कटने से लगभग दो दर्जन गांवों के लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय विधायक ने भ्रमण करके सड़क मरम्मत कराए जाने का निर्देश दिया था इसके बावजूद अभी तक मरम्मत कार्य नहीं शुरू हो सका है। इन लोगों ने डीएम से सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
क्षेत्रवासी शिव सिंह, नरेन्द्र तिवारी, अब्दुल्ला, मोनू सिंह, रिजवान एवं प्रवेश मिश्रा आदि ने बताया कि विगत दिनों आई बाढ़ के कारण क्षेत्र की तमाम सड़कें एवं पुल कट गए थे। सड़क कटने के बाद क्षेत्रीय विधायक ने भ्रमण कर सड़क मरम्मत कराए जाने का निर्देश दिया था।
बावजूद इसके अभी तक सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ है। सड़क कटने से दांदव, बल्दीडीह, महादेव गोंसाई, महादेइया, सहरिवा, रमवापुर, लिलवा, इंदवा, बेलासपुर, मुड़ाडीह, खैरहनिया, फिरोजपुर, जुमली, कल्ली एवं दुर्गापुर सहित लगभग दो दर्जन गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
मोटरसाइकिल को चार-पांच लोग पकड़कर किसी तरह पार करते हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से सड़क मरम्मत करवाए जाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क का मरम्मत कार्य नहीं शरू हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।